Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार की घोषणा के क्रम में 28 नवम्बर को प्रतिवर्ष आपदा प्रबंधन दिवस मनाए जाने के निर्णय के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में गुरुवार को आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जनपद के विभिन्न विभागों, पुलिस, वन विभाग, एनडीआरफ, आपदा मित्रों, QRT, स्वास्थ्य सेवाएं आदि द्वारा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित इस मॉक अभ्यास में भूकम्प, वनाग्नि, भूस्खलन, वाहन दुर्घटना एवं मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी संभावित आपदाओं की काल्पनिक परिस्थितियां उत्पन्न कर संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय एवं राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत तहसील ऊखीमठ के ग्राम मस्तूरा रोड, पटवारी क्षेत्र दैड़ा में निजी वाहन के लगभग 50 मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त होने का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें दो व्यक्तियों के घायल होने की स्थिति दर्शाई गई तथा राहत एवं बचाव दल द्वारा घायलों को सुरक्षित रेस्क्यू कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ पहुंचाने तथा गंभीर घायल को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
तहसील बसुकेदार परिसर में भूकम्प से भवन एवं संरचनात्मक परिसंपत्तियों को क्षति पहुंचने की काल्पनिक स्थिति बनाकर दो व्यक्तियों के घायल होने का अभ्यास किया गया। इस दौरान आपदा मित्रों द्वारा घायलों का रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार एवं अस्पताल पहुंचाने के साथ विद्युत सुरक्षा तथा राहत सामग्री वितरण की कार्यवाही का अभ्यास किया गया।
रुद्रप्रयाग के खांकरा क्षेत्रान्तर्गत सम्राट होटल के समीप जंगल में आग लगने की काल्पनिक सूचना पर कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस, चौकी जवाड़ी पुलिस एवं फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर अग्निशमन एवं राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया। टीमों द्वारा आग को आबादी की ओर फैलने से रोकने तथा आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
वहीं भटवाड़ी सैंण क्षेत्र में भूकम्प एवं भूस्खलन के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का परिदृश्य तैयार किया गया। वाहन में चार व्यक्तियों के फंसे होने की सूचना पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने एवं सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
नगर पंचायत अगस्त्यमुनि के पुराने देवालय के समीप लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी से भूस्खलन होने तथा मलबे में दो व्यक्तियों के दबने एवं एक व्यक्ति के घायल होने की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इस दौरान मलबे में दबे व्यक्तियों को सुरक्षित निकालने, घायलों को सहायता पहुंचाने एवं यातायात व्यवस्था सुचारु करने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
इसी क्रम में वन विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न वन क्षेत्रों में भी मॉक अभ्यास आयोजित किए गए। पोखरसारी, कोदिमा, सिद्धसोड़, ग्राम पपड़ासू, भीमताली एवं ग्राम सौंराखाल (स्यूंता) में वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण एवं वन संपदा की सुरक्षा से संबंधित अभ्यास किया गया। वहीं सुगुनीबागड़ एवं स्यूंर मुख्यालय में मानव-वन्यजीव संघर्ष की काल्पनिक परिस्थितियां बनाकर संबंधित टीमों द्वारा सुरक्षा एवं बचाव कार्यवाही का अभ्यास किया गया। ग्राम पतनोली में अग्निकांड की स्थिति में अग्निशमन एवं राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों को भी परखा गया।
मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, जल पुलिस, वन विभाग, राजस्व विभाग, तहसीलों की QRT, आपदा मित्रों एवं संबंधित विभागों की टीमों ने प्रतिभाग किया। जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित मॉक अभ्यास के तहत 40 से अधिक स्थानों पर विभिन्न आपदा परिदृश्यों का अभ्यास किया गया। इसमें रेलवे टनलों, पावर परियोजना, कुंड बैराज, अगस्त्यमुनि बैराज तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित विभिन्न संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों को शामिल किया गया।




