राज्यपाल ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून 26 नवम्बर(Big news today)। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गुरुवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 के उपलक्ष्य में हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। दवाओं की सही जानकारी, उचित खुराक, उनके उपयोग का समय और आवश्यक सावधानियों के बारे में मरीजों को जागरूक करना उपचार की गुणवत्ता एवं मरीजों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
राज्यपाल ने कहा कि इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला’ एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती की ओर ध्यान आकर्षित करती है। रोगाणुरोधी दवाओं के अनावश्यक और गलत उपयोग से संक्रमणों का उपचार कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक लेना और निर्धारित अवधि से पहले दवा बंद करना इस समस्या के प्रमुख कारणों में शामिल हैं।अपने चिकित्सकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं देने के दौरान उन्हें ग्रामीण समाज की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला। इन अनुभवों से यह स्पष्ट हुआ कि समय पर सही उपचार, उचित दवा और उसके उपयोग की सही जानकारी प्रत्येक मरीज के लिए कितनी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना जैसी पहलों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनऔषधि केंद्रों से आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो रही हैं। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक दवाएं पहुंचाना विशेष महत्व रखता है। राज्य के फार्मासिस्ट दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और उनके उचित उपयोग की जानकारी देकर स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समृद्ध जैव विविधता और औषधीय एवं सुगंधित वनस्पतियों में फार्मेसी तथा औषधि अनुसंधान की अपार संभावनाएं हैं। विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों और औषधि उद्योग के समन्वय से इस क्षेत्र में नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
इस कार्यक्रम में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल, उपाध्यक्ष श्री जशुभाई एच. चौधरी सहित फार्मेसी एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, शिक्षाविद, चिकित्सक, फार्मासिस्ट और विद्यार्थी उपस्थित रहे।




