Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून(Big news today)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भाजपा ने बड़ा कदम उठाते हुए धामी सरकार के पिछले 5 साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर दिया है। देहरादून के एक निजी होटल में भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में धामी सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस मौके पर पूरी सरकार और भाजपा का संगठन मौजूद रहा।
इस दौरान पर सीएम धामी ने कहा कि, वे जनता के बीच में अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आए हैं। 2022 में भी लेकर आए थे। जो भी संकल्प हमने जनता को दिया था, वो हमने पूरा किया था और आगे बढ़ रहे हैं। 2022 में उत्तराखंड की जनता ने मिथक को तोड़ा और लगातार बीजेपी पर विश्वास जताया। हम लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर हैं।युवाओं को रोजगार मिलना और महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता रही है।
2021 कोरोना महामारी के समय हमने पर्यटन, परिवहन और संस्कृति के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए 200 करोड़ रुपए का आर्थिक पैकेज दिया था।
चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ और स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ के राहत पैकेज जारी किया।
कोविड वॉरियर्स का सम्मान किया। महामारी में अपने परिवार को खोने वाले बच्चों के लिए वात्सल्य योजना शुरू की थी।
भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया। संगठित नकल के गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान है। इन वर्षों में 36 हजार युवाओं को नौकरी मिली। बिना पर्ची-बिना खर्ची के नौकरी मिली है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के लिए नई योजना मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना शुरू की है। योजना के पहले साल में भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 11 हजार युवाओं को कोचिंग उनके घर पर ही मिलेगी. दूसरे राज्य नहीं जाना पड़ेगा, कमरा नहीं लेना पड़ेगा। फीस भी निशुल्क।
वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को जर्मन और जापानी भाषा की ट्रेनिंग दी जा रही है। इस पहल के तहत 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है।
युवाओं के लिए युवा आयोग गठन का फैसला लिया है, जल्द धरातल पर उतरेगा। सीएम धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि, आज उत्तराखंड के अंदर लगभग 2000 स्टार्टअप चल रहे हैं। नए उद्योगों के लिए 200 करोड़ रुपए के आर्थिक वेंचर फंड की व्यवस्था है. मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से युवाओं को अपना काम शुरू करने में सहायता मिल रही है। वरदान छात्रवृत्ति योजना के तहत मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को आर्थिक सहायता की मदद मिल रही है। अब तक 21 हजार से ज्यादा छात्रों को लाभ मिल चुका है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना छात्रवृत्ति योजना है। इसमें प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक उपलब्धियां के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। इसका उद्देश्य है कि कोई ऐसा बच्चा जिसके माता-पिता आर्थिक रूप से संपन्न न हो, लेकिन उनकी क्षमता रुकनी नहीं चाहिए.सीएम धामी ने मातृशक्ति पर बात करते हुए कहा कि मातृशक्ति हमारे राज्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उनका जीवन बहुत कठिनाइयों में आगे बढ़ता है। यह परिस्थितियां देखते हुए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत का क्षैतिज आरक्षण सुनिश्चित किया है। सहकारी प्रबंध समितियों में 33 फीसदी का आरक्षण सुनिश्चित किया है।
साढ़े 3 लाख से अधिक बहनें आज लखपति दीदी बनी हैं, जो अपने रोजगार के साथ दूसरों को भी रोजगार दे रही हैं।
5 लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और इनको 5 लाख तक ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के तहत पूरे देश और दुनिया में राज्य की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की आज डिमांड काफी बढ़ी है। उनको अच्छा बाजार मिल रहा है। इस ब्रांड के तहत साढ़े 6 करोड़ से अधिक का टर्नओवर किया है। बहनें अपना कारोबार आगे बढ़ा सकें, इसके लिए बैंणी-भुली योजना को भी अभी शुरू करने का फैसला लिया है। इसमें साढ़े 5 लाख के लगभग बहनों को सीधे-सीधे सहायता मिलेगी। एकल महिला रोजगार योजना शुरू करने के लिए 75 फीसदी सरकारी सहायता प्रावधान किया गया है।नंदा गौरा योजना में बेटी के जन्म लेते ही ₹11 हजार और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने पर ₹51 हजार की सहायता दी जाती है।महालक्ष्मी किट योजना के तहत मां और नवजात शिशु की देखभाल के लिए एक किट उनको दी जाती है।अभी हमने देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया माना है। देवभूमि परिवार पोर्टल शुरू किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण में हमारा एक कदम है।




