Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
मसूरी(Big news today)। पहाड़ों की रानी मसूरी में किंग्रेग स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ लोगों ने युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और आते ही वहां बैठे उसके और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे पर नकाब पहना हुआ था। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। हमले में मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है। घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में घुसते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
बीते दिन फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



