Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून, 31 अक्टूबर, 2026 (Report by: Neha Goyel): उत्तराखंड सूचना विभाग से आज एक ऐसे कर्मचारी अपनी सेवाएं देने के बाद सेवा निवृत हो गए जिनके रिटायरमेंट से सभी पत्रकार भावुक हो रहे हैं। क्योंकि वो विभाग में एक कर्मचारी से ज्यादा पत्रकारों के दोस्त और साथी बनकर रहे हैं। कभी विभागीय नियमों और अपनी ज़िम्मेदारियों का उल्लंघन भी नहीं किया और अपने व्यवहार कुशलता से पत्रकारों के प्रिय भी बने रहे। सभी का सम्मान और आदर करना उनके व्यक्तित्व में शामिल रहा है, और वैसा ही प्यार और सम्मान उन्हें पत्रकारों से मिलता रहा है। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में लगभग 35 वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रईस अहमद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विभाग की ओर से आयोजित विदाई समारोह में महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और रईस अहमद के दीर्घकालीन सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि किसी भी विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी विभागीय व्यवस्था की मजबूत कड़ी होते हैं। रईस अहमद ने लगभग तीन दशकों तक पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। उनका सेवाकाल अन्य कार्मिकों के लिए भी प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन व्यक्ति का अनुभव, व्यवहार और विभाग के प्रति उसका योगदान सदैव याद रखा जाता है। उन्होंने रईस अहमद के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक नितिन उपाध्याय, उप निदेशक मनोज श्रीवास्तव, उपनिदेशक रवि बिजारनिया, उपनिदेशक बद्री चंद सहित विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं रईस अहमद के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए और उनके सुखद भविष्य की कामना की।
समारोह का माहौल आत्मीय और भावुक रहा। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रईस अहमद को स्मृति चिह्न एवं शुभकामनाएं देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस अवसर पर सूचना कर्मचारी संघ के अध्यक्ष कैलाश रावत, उपाध्यक्ष प्रशांत रावत, संजय कुमार, महामंत्री अंकित चौहान, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार धीमान, संयुक्त मंत्री पारूल चौधरी आदि उपस्थित थे।




