मंत्री धनसिंह रावत की फेसबुक पोस्ट पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाया सवाल, यशपाल आर्य ने कहा कि संवैधानिक संकट वाली स्थिति! जानिए क्या है पूरा मामला।

Uttarakhand


देहरादून (BNT)

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की एक फेसबुक पोस्ट को लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा है संवैधानिक संकट का सरकार के सामने सवाल उठाया है। प्रेस को जारी अपने एक बयान में नेता प्रतिपक्ष ने मंत्री डॉ. धनसिंह रावत के उस फेसबुक पोस्ट पर आपत्ति की है जिसमें धनसिंह रावत ने बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन और अन्य पदाधिकारियों के साथ मंत्रियों की बैठक की जानकारी दी थी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इस मामले को उठाते हुए कहा है कि मंत्रियों के अलावा पार्टी पदाधिकारियों ने उत्तराखंड राज्य में मंत्री के रूप में शपथ नही ली है, इसलिये वे मंत्रिपरिषद का हिस्सा नही हैं । फिर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में मंत्री परिषद की बैठक कैसे हो सकती है?

आर्य ने कहा है कि “माननीय मंत्री जी भारत के संविधान के आर्टिकल 163 और 164 में राज्य सरकारों के मंत्रिपरिषद के संबंध में स्पष्ठ रूप से लिखा है । या आजकल “जो भाजपा करे वही संविधान है ” वाला समय आ गया है? नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अपने बयान के साथ मंत्री की फेसबुक पोस्ट भी जारी की है।

यशपाल आर्य ने कहा है कि सभी मंत्रियों ने भारत के संविधान में वर्णित पद और गोपनीयता की शपथ ली है , उसका मान रखना चाहिए। मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रीगण सामुदायिक उत्तरदायित्व के सिद्धांत से बंधे हैं। इसलिए सभी के लिए व्यक्तिगत रूप से कोई भी आदरणीय या पूज्यनीय हो सकता है परंतु आप खुले आम घोषणा के साथ संविधान की धज्जियां नही उड़ा सकते।

नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कहा है कि मंत्री धनसिंह रावत के इस रहस्योद्घाटन से उत्तराखंड में
संवैधानिक संकट वाली स्थिति आ गयी है। मुख्यमंत्री जी और मंत्रिपरिषद स्थिति को स्पष्ट करें।