Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Dehradun


Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’

चमोली(Big news today)। आगामी 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने संयुक्त रूप से गौचर मेला मैदान पहुंचकर ग्राउंड जीरो पर विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला मैदान, मुख्य पंडाल, मंच, प्रदर्शनी स्थल, विभिन्न स्टॉल, प्रवेश एवं निकासी द्वारों, पार्किंग तथा यातायात व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के शुभारंभ से पूर्व सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
मेले के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का संचालन सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी यातायात प्लान तैयार करने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अस्थायी पुलिस चौकी की स्थापना, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती एवं त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को अलर्ट रखने के निर्देश दिए, जिससे मेले के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।

जिलाधिकारी ने अग्निशमन व्यवस्था को सक्रिय रखने तथा मेला क्षेत्र में सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गौचर मेला जनपद की सांस्कृतिक पहचान एवं गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस दौरान उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल , प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग विनोद थपलियाल, चौकी प्रभारी गौचर मानवेंद्र गुसाईं सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।