कांठ। मोहर्रम के ताजियों को लेकर पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ कांठ एवं ऊमरी कलां में पैदल घूम कर मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजियों के रास्ते देखे और इसके बाद ताजिया दारों से बात कर परंपरागत तरीके से ताजिए निकालने के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेशपाल सिंह ने कांठ नगर में पैदल जाकर ताजियों के रास्तों का निरीक्षण किया और ताजियेदारों से बात कर कहा कि जिस रास्ते से ताजिए पहले से निकलते आए हैं उसी रास्ते से निकलने चाहिए। ताजियों की लंबाई और चौड़ाई पिछले वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने ऊमरी कलां घूम कर ताजियों के रास्तों का निरीक्षण किया और ताजियेदारों से बात कर कहा कि मोहर्रम पर मुस्लिम समुदाय के लोग अधिकतर मातम करते हैं।
इसमें किसी तरह की कोई नई परंपरा नहीं होनी चाहिए और कर्बला स्थल एवं ताजियों के रास्ते में किसी तरह की अगर कोई समस्या है तो ताजियादार अभी से बता दें ताकि उन समस्याओं का निस्तारण हो सके। मोहर्रम पर किसी भी तरह की कोई नई परंपरा नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर उप निरीक्षक राहुल राघव, प्रमोद सिंह, सत्येंद्र सिंह एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



