देहरादून। उत्तराखंड राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को चारधाम यात्रा एवं श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
देवभूमि उत्तराखंड में सदैव ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का पालन हुआ है और हमारे संस्कारों में ही अतिथियों के सम्मान और सुरक्षा का भाव छुपा है। सभी से अपील है कि प्रदेश के शांत, सौहार्दपूर्ण एवं आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें।
कर्णप्रयाग एवं नगरासू में सामने आई घटनाओं के संबंध में निष्पक्ष रूप से कार्रवाई की जा रही है। जांच में दोषी पाए गए लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे भी कड़े कदम उठाए जाएंगे।
देवभूमि उत्तराखण्ड में ऐसा कोई भी कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे अथवा किसी धर्म, आस्था और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचे। संवाद, सद्भाव और आपसी विश्वास के माध्यम से ही प्रत्येक समस्या का समाधान संभव है।
बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी तथा हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा जी भी उपस्थित रहे।



