Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

सितंबर तक पूरा करें हेमकुण्ड रोपवे परियोजना का फील्ड सर्वे, भूमि अधिग्रहण में लाएं तेजी: जिलाधिकारी

Dehradun Uttarakhand






Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’

गौचर / चमोली(Big news today)।   जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को पिटकुल, हेमकुण्ड रोपवे, बीआरओ, एनएचआईडीसीएल, यूएसडीए एवं लोक निर्माण विभाग से संबंधित भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की महत्त्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि हस्तांतरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


 हेमकुण्ड रोपवे परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने अवगत कराया कि परियोजना का सम्पूर्ण लिडार (लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग) सर्वे पूर्ण हो चुका है। साथ ही गोविंदघाट से घांघरिया तक रोपवे का अलाइनमेंट भी तैयार कर लिया गया है तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है।


 जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सितंबर माह तक परियोजना का सम्पूर्ण फील्ड सर्वे हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि शीतकाल के दौरान प्रतिकूल मौसम एवं दुर्गम परिस्थितियां शुरू होने से पूर्व आवश्यक कार्य पूर्ण किए जा सकें और परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार का विलंब न हो। पिटकुल से संबंधित भूमि हस्तांतरण प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने हाटसारी क्षेत्र में लंबित भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए टीएचडीसी एवं पिटकुल की संयुक्त बैठक आयोजित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नंदप्रयाग से संबंधित प्रकरण में उपजिलाधिकारी को दस दिन के भीतर भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


  बीआरओ की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान सिमली – ग्वालदम, जोशीमठ – मारवाड़ी, माणा पास, जोशीमठ – सुरईकोटा, कुरकुटी – गमशाली सहित अन्य परियोजनाओं के भूमि अधिग्रहण प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि अधिग्रहण की समय – सीमा निर्धारित करते हुए मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया में भी तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि सामरिक एवं जनहित से जुड़ी सड़क एवं अन्य परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध रूप से आगे बढ़ सके।


  बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भूमि संबंधी अभिलेखों, सीमांकन, स्वामित्व संबंधी औपचारिकताओं एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सभी संबंधित अधिकारीयों को नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


 बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, सम्बन्धित उपजिलाधिकारी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *