Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

सीएम ने 13 योजनाओं का लोकार्पण और 121 योजनाओं का किया शिलान्यास

Dehradun Uttarakhand


झबरेडा /देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र झबरेडा मण्डी परिसर में कृषि विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित रबी कृषक महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने 13 योजनाओं का लोकार्पण तथा 121 योजनाओं का शिलान्यास किया।


मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार लगातार काम कर रही है। देशभर में किसानों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है, प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए हैं, किसान क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि इसके प्रत्यक्ष उदाहरण है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में साल 2025 में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए हम सबकी सहभागिता जरूरी है। प्रदेश में रोड कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी संबंधित तमाम कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। बीते 5 महीनों में सरकार ने 500 से ज्यादा फैसले लिए हैं। प्रदेश में युवाओं को 24000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। प्रदेश में सरकारी नौकरियों के अलावा स्वरोजगार के लिए भी बड़ी संख्या में युवाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश में नई खेल नीति लागू की गई है। इसके साथ ही हर गांव में ओपन जिम की भी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल में ही प्रदेश के सभी 10वीं और 12वीं के छात्रों को निशुल्क टैबलेट वितरण की व्यवस्था शुरू हो गई है, जिसके जरिये ढाई लाख से ज्यादा छात्र लाभान्वित होंगे मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई घोषणाएँ भी की.


 इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कृषक सुश्री निर्मला एवं देशराज सैनी को राष्ट्रीय खाद्य योजना के अंतर्गत 15 हजार रूपये एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मण्डी परिसर पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जिलाधिकारी ने पुष्पगुच्छ तथा प्रतीक स्वरूप हल भेंट कर स्वागत व अभिनन्दन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री को विशाल माला भी पहनाई गयी।


 इस अवसर पर झबरेड़ा विधायक, देशराज कर्णवाल, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, सुश्री वैजयन्ती माला, सुशील राठी जन प्रतिनिधि, जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 योगेन्द्र सिंह रावत, सीडीओ डॉ0 सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी वीर सिंह बुदियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट रूड़की अंशुल सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, मुख्य उद्यान अधिकारी नरेन्द्र यादव सहित सम्बन्धित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।