Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगा उत्तराखंड का छोलिया नृत्य, इस बार मानसखंड सबके लिए रहेगा आकर्षण का केंद्र

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड की झांकी के साथ कुमाऊं का पारंपरिक छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दिखेगी। इस बार राज्य की झांकी मानसखंड पर तैयार की गई है। रक्षा मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय रंगशाला शिविर नई दिल्ली में राज्य के कलाकारों ने उत्तराखंड की पांरपरिक वेशभूषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिवस परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी में सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य से 18 कलाकार गणतंत्र दिवस परेड में उत्तराखंड झांकी में भाग ले रहे हैं। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर उत्तराखण्ड की ओर से प्रदर्शित की जाने वाली झांकी का विषय “मानसखण्ड” रखा गया है। गणतंत्र दिवस समारोह पर कर्तव्य पथ उत्तराखंड राज्य की झांकी मार्च पास्ट करते हुए चतुर्थ स्थान पर देखने को मिलेगी। झांकी के अग्र तथा मध्य भाग में कार्बेट नेशनल पार्क में विचरण करते हुए हिरन, बारहसिंघा, घुरल, मोर तथा उत्तराखण्ड में पाये जाने वाली विभिन्न पक्षियों व झांकी के पृष्ठ भाग में प्रसिद्ध जागेश्वर मन्दिर समूह तथा देवदार के वृक्षों को दिखाया जायेगा साथ ही उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक कला ‘ऐपण’ का भी झांकी के मॉडल में समावेश किया गया है। झांकी के साथ उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए छोलिया नृत्य का दल सम्मिलित किया गया है। झांकी का थीम सांग उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित है।

चौहान ने बताया कि कर्तव्य पथ पर इस बार उत्तराखंड की झांकी मानसखंड सबके लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। केदारनाथ व बदरीनाथ की तर्ज पर कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर मानसखंड मंदिर माला मिशन योजना पर काम किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस परेड के माध्यम से देश-विदेश के लोग मानसखंड के साथ ही उत्तराखंड की लोक संस्कृति से भी परिचित होंगे।