Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कांग्रेस ही राज्य का विकास करने में सक्षम,भाजपा ने हमेशा बेरोजगारी व महंगाई को बढ़ावा दिया: प्रीतम सिंह

Dehradun Uttarakhand


पुरोला/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। विधानसभा क्षेत्र पुरोला में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस ही राज्य का विकास करने में सक्षम है। भाजपा ने हमेशा बेरोजगारी व महंगाई को बढ़ावा दिया है, जिससे जनता में भाजपा की जन विरोधी सरकार को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस के शासन में हमेशा गरीबों, पिछड़ों का विकास हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को टिकोची, मोरी एवं पुरोला में कांग्रेस प्रत्याशी मालचंद के समर्थन में चुनावी जनसभाएं की। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा जो कहती है वो करती नहीं है। भाजपा सरकार में मंहगाई चरम पर है। बेरोजगार सड़कों पर घूम रहे हैं। डीजल,पेट्रोल के दाम बढ़ने से रसद सामग्री के दामो में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है। एलपीजी गैस के दाम एक हजार पार हो गए हैं। बेरोजगारों को रोजगार देने का कार्य कांग्रेस सरकार ने ही किया है। किसानों का ऋण माफ कांग्रेस के समय ही हुआ है। मोरी, पुरोला में उन्होने जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पुरोला विधानसभा से हमेशा जो भी विधायक बन के गया है विपक्ष में बैठा है। इस समय इस मिथक को तोड़ना है।
प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और यहां से कांग्रेस प्रत्याशी मालचंद को भारी मतों से विजयी बनाना है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रीता पंवार, वरिष्ठ भाजपा नेता बलदेव असवाल सहित भारी संख्या में भाजपाई कांग्रेस में शामिल हुए। कार्यक्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र राणा, ब्लॉक अध्यक्ष किशन सिंह रावत, नगर पंचायत हरिमोहन नेगी, रोजी सिंह सौंदाण, बलदेव असवाल, दिनेश चौहान, बिहारि लाल,रेखा नौटियाल आदि मौजूद थे।