जब हम स्वाधीनता के 100 वर्ष मनाएंगे उत्तराखंड एक नंबर का राज्य बनकर उभर चुका होगा: राष्ट्रपति

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: उत्तराखंड के दो दिवसीय प्रवास पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जब हम स्वाधीनता के 100 वर्ष मनाएंगे उत्तराखंड एक नंबर का राज्य बनकर उभर चुका होगा। युवा पीढ़ी के उत्साह और योगदान से वर्ष 2047 में हमारा देश विश्व समुदाय में अपनी क्षमता के अनुरूप श्रेष्ठता प्राप्त कर चुका होगा। 

राष्ट्रपति मुख्यमंत्री आवास में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर करीब 2000 करोड़ रुपये की नौ परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के कुशल मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड तरक्की कर रहा है। उत्तराखंड में बेटियों की युवा पीढ़ी भी प्रगति के पथ पर अग्रसर है। यह सामाजिक परिवर्तन विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की दिशा में बढ़ता हुआ कदम है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखंड के पौराणिक, सांस्कृतिक, धार्मिक पर्यावरणीय महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पर्वतराज हिमालय और उत्तराखंड के शूरवीर भारत माता के प्रहरी रहे हैं। जनरल बिपिन रावत, सीडीएस जनरल अनिल चौहान, जनरल विपिन चंद्र जोशी, राजेश सिंह अधिकारी, मेजर विवेक गुप्ता, राइफल मैन जसवंत सिंह रावत, सैनिक दीवान सिंह को नमन किया और कहा कि उत्तराखंड की भूमि ऐसे वीरों की जननी है। इस धरती के शूरवीरों को अशोक चक्र व कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया। उन्होंने रानी कर्णावती, गौरा देवी, बछेंद्रीपाल, बसंती बिष्ट, वंदना कटारिया के गौरव को महिला सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण बताया। वीरचंद्र सिंह गढ़वाली, श्रीदेव सुमन, इंद्रमणि बडोनी, गोविंद बल्लभ पंत को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राज्य की युवा पीढ़ी को इन विभूतियों और प्रतिभाओं के बारे में बताया जाना चाहिए। उन्होंने अर्जुन पुरस्कार विजेता लक्ष्य सैन को युवाओं की प्रेरणा बताया।