राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी राष्ट्रपति निकेतन आशियाना पार्क का उद्घाटन, राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति का किया अभिनंदन

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : (देहरादून)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपने तीन दिन के प्रवास पर गुरुवार की शाम को देहरादून पहुंच गई हैं। शाम करीब 4 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर राष्ट्रपति का स्वागत अभिनंदन किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के उत्तराखण्ड आगमन पर गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट में राज्यपाल लेफ़्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देहरादून के राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन का जीर्णोद्धार और पार्क निर्माण के बाद 20 जून शुक्रवार को उद्घाटन करेंगी।

जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर राष्ट्रपति मुर्मु का राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  महेंद्र भट्ट, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ धन सिंह रावत,  मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ,  जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया | 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु देहरादून सहित राज्यवासियों को कल (आज) एक सौगात देने जा रही हैं। राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना को आम जनते के लिए पार्क के रूप में विकसित किया गया है। अब राष्ट्रपति निकेतन के रूप में जाना जाएगा, राष्ट्रपति निकेतन का कायाकल्प किया गया है।

अक्सर बंद ही रहने वाला ये भवन अब आम जनता के लिए भी पर्यटन स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। करीब 132 एकड़ में फैले राष्ट्रपति आशियाना यानी निकेतन का अपना भरा पूरा इतिहास है। इसमें 19.5 एकड़ लोअर स्टेट का हिस्सा है। राष्ट्रपति निकेतन के परिसर में हराभरा पार्क बनाया गया है।