Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

महाराष्ट्र में साम-दाम-दण्ड भेद की नीति अपनाकर शिवसेना के बागी विधायकों के साथ भाजपा समर्थित सरकार का गठन संविधान विरोधी और अलोकतांत्रिक है- करन माहरा

Uttarakhand


देहरादून ( Big News Today)

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने महाराष्ट्र के राजनैतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा द्वारा महाराष्ट्र में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकार को धनबल पर गिराकर शिवसेना के बागी नेताओं से गठबन्धन सरकार बनाने की पूरी प्रक्रिया की घोर निन्दा करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा केन्द्र में सत्तारूढ होने के उपरान्त सत्ता बल, धन बल एवं बाहुबल का प्रयोग कर लोकतंत्र की हत्या करने तथा प्रजातंत्र को कलंकित करने का काम लगातार किया जा रहा है।

 
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ मीडिया पैनलिस्ट एवं निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि के माध्यम से जारी बयान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में साम-दाम-दण्ड भेद की नीति अपनाकर शिवसेना के बागी विधायकों के साथ भाजपा समर्थित सरकार का गठन संविधान विरोधी और अलोकतांत्रिक है। भाजपा ने महाराष्ट्र में संविधान और लोकतंत्र की पवित्र भावनाओं की हत्या करने का काम किया है। कंाग्रेस पार्टी का विधानसभा, भारत के संविधान व देश की संवैधानिक संस्थाओं पर पूर्ण विश्वास है। भारतीय जनता पार्टी ने देश की राजनीति को जिस तरह से कलंकित और कलुषित करने का काम किया, देश की प्रबुद्ध जनता उनके द्वारा किये गये इन पापों का आने वाले समय में निश्चित रूप से संज्ञान लेगी, क्योंकि लोकशाही एवं प्रजातांत्रिक पद्धति में जनता की अदालत सर्वोच्च अदालत है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा उत्तराखण्ड, अरूणाचल प्रदेश, उडीसा, गोवा, विहार तथा दिल्ली प्रदेश की सरकार को इसी प्रकार अलोकतांत्रिक रूप से षडत्रयंत्र कर गिराने का भी कुत्सित प्रयास किया गया। परन्तु उत्तराखण्ड में मा0 सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से लोकतंत्र, भारतीय संविधान व संवैधानिक संस्थाओं की जीत हुई थी।

 
करन माहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मा0 न्यायालयों के पूर्व के निर्णयों से भी कोई सबक नहीं लिया तथा अपनी राजनैतिक महत्ताकांक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से चुनी हुई सरकारों को गिराकर लोकतंत्र की हत्या करने तथा संविधान के विरूद्ध राज्य सरकारों का गठन करने का घृणित कार्य किया जा रहा है। पहले मध्य प्रदेश और अब महाराष्ट में केन्द्र की सत्ता के बल पर विपक्षी दलों की सरकार गिराने तथा राजस्थान में चुनी हुई सरकार गिराने का जिस प्रकार प्रयास किया गया उसे लोकतंत्र के लिए स्वस्थ परम्परा नहीं माना जा सकता है। भाजपा के कृत्यों से संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा देश की गरिमा को जो चोट पहुंची है उसका जवाब जनता उन्हें जरूर देगी।

 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के इशारे पर लोकतंत्र के सभी मानकों एवं मापदण्डों पर कुठाराघात करते हुए महाराष्ट्र में अलोकतांत्रिक तरीके से सरकार का गठन भाजपा के तानाशाही चरित्र का द्योतक है, जिसे लोकतंत्र में विश्वास रखने वाला कोई भी दल सहन नहीं करेगा। कांग्रेस पार्टी का सदैव लोकतंत्र एवं लोकशाही में गहरी आस्था रही है और आज देश में लोकतंत्र के जितने भी स्तम्भ हैं, उनकी स्थापना में महात्मा गांधी से लेकर राहुल गांधी तक एक लम्बा इतिहास रहा है। कांग्रेस पार्टी भारतीय संविधान एवं न्यायपालिका मंे पूर्ण विश्वास रखती है, परन्तु जिस प्रकार से केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा देश में दो संविधान ‘‘एक अपने लिए तथा दूसरा विपक्षी दलों के लिए’’ लागू करने की नीति पर काम किया जा रहा है वह स्वस्थ लोकतंत्र की परम्परा के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा सकता है। यह कृत्य लोकतंत्र पर सीधा हमला है इससे न केवल जनादेश का अपमान हुआ है अपितु भविष्य में एक गलत परम्परा का सूत्रपात भी किया गया है। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामहिम राष्ट्रपति से आग्रह करते हुए मांग करती है कि देश के संवैधानिक संरक्षक होने के नाते महाराष्ट्र के राजनैतिक घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए इस अलोकतांत्रिक तरीके से गठित की गई सरकार को बर्खास्त करने के आदेश जारी कर लोकतंत्र की रक्षा करने की कृपा करेंगे।