बीजेपी की केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा की गई जनता की उपेक्षा, झूठे वादे गरीब, मजदूर, किसानों, बेरोजगारों के उत्पीड़न का जवाब जनता ने हिमाचल के चुनाव में दियाः करन माहरा

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: हिमाचल प्रदेश में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी की की ऐतिहासिक विजय पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के केन्द्रीय नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर देहरादून महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय में आतिशबाजी एवं मिष्ठान वितरण कर हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में हुई ऐतिहासिक विजय पर अपना हर्ष व्यक्त किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने सभी विजयी प्रत्याशियों को भी बधाई देते हुए कहा कि सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के मार्गदर्शन एवं मल्लिकार्जुन खडगे के कुशल नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक विजय हासिल कर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकारों ने अपने कार्यकाल में जनता की उपेक्षा तथा झूठे वादे करने के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकारों ने अपने कार्यकाल में केवल जनता को गुमराह करने, गरीब, मजदूर, किसानों, बेरोजगारों का उत्पीडन के अतिरिक्त उनके कल्याण के लिए कोई भी काम नहीं किया तथा पिछले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में जनता से केवल झूठे वादे किये जिसका जवाब जनता ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा को दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में बहुत अन्तर है उसकी नीतियों के कारण आज समाज का प्रत्येक वर्ग आहत है। उन्होंने कहा कि आगामी प्रदेशों में होने वाले विधानसभा चुनाव एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में भी जनता एक बार फिर से कांग्रेस पार्टी की सरकारें बनाने का काम करेगी।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन मथुरादत्त जोशी, डॉ जसविंदर सिंह गोगी महानगर अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री पी.के. अग्रवाल, महामंत्री नवीन जोशी, गोदावरी थापली, गरिमा दसौनी, महानगर अध्यक्ष डाॅ0 जसविन्दर सिंह गोगी, अनिल नेगी, राजेश चमोली, लक्ष्मी अग्रवाल, शिवा वर्मा, नीरज त्यागी, अमरजीत सिंह, नजमा खान, शीशपाल बिष्ट, नवनीत सती, शैलेन्द्र शेखर करगेती, मोहन काला, फारूख, देवेन्द्र सिंह, दिनेश गौड़, रविन्द्र पुण्डीर, शकील मंसूरी, सुलेमान अली, विनोद गोयल, आदर्श सूद, पिया थापा, अनुराधा, सावित्री थापा, मंजू, आदि कांग्रेसजन उपस्थित थे।