Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग लेकर आंदोलन में धरने पर बैठने वाली महिला ‘ताई जी’ अब नहीं रहीं, हम सबकी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

Dehradun Delhi Uttarakhand


देहरादून (Big News Today) उत्तराखंड राज्य आंदोलन की सशक्त, अग्रणी, और प्रेरणास्रोत आन्दोलनकारी महिला सुशीला बलूनी का आज दुःखद निधन हो गया है। वे काफी समय से बीमार थीं और मैक्स अस्पताल में ईलाज चल रहा था। सुशीला बलूनी को लोग ताई जी कहकर पुकारते थे, उनके निधन से राज्य में शोक की लहर व्याप्त है। राज्य आन्दोलनकरी मंच के प्रदीप कुकरेती ने बताया कि उनकी अंतिम यात्रा बुधवार की को सुबह 10–बजे उनके आवास डोभालवाला से प्रस्थान करने के बाद सुबह 10–30 बजे उनकी क्रम स्थली कचहरी प्रांगण शहीद स्मारक में श्रद्धांजली देने के उपरान्त हरिद्वार प्रस्थान करेंगे। स्वर्गीय सुशीला बलूनी अधिवक्ता थी और पृथक राज्य आंदोलन के लिए धरने पर बैठने वाली प्रथम महिला थी। ताईजी के निधन पर मुख्यमंत्री धामी एवं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित तमाम नेताओं, आंदोलनकारियों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी तथा उत्तराखंड महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीला बलूनी के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पृथक उत्तराखण्ड के निर्माण में सुशीला बलूनी के योगदान को सदैव याद रखा जायेगा।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने अपने शोक संदेश में कहा है कि उत्तराखंड की वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी व राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुशीला बलूनी जी के निधन की खबर अत्यंत ही दुःखद है। पृथक उत्तराखण्ड के निर्माण में सुशीला बलूनी के योगदान को सदैव याद रखा जायेगा। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।

बीजेपी अध्यक्ष ने महेंद्र भट्ट ने भी जताया शोक : भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी नेता सुशीला बलूनी के निधन पर गहरा शोक जताते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया। भट्ट ने कहा कि बलूनी संघर्ष की प्रतीक थी और पृथक राज्य आंदोलन मे लिए उनका बड़ा योगदान रहा है जिसे कभी नही भुलाया जा सकता। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को दुख की घड़ी से उबरने की कामना की है।

उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करण महारा ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी सुशीला बलूनी के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है । उन्होंने कहा कि सुशीला बलूनी का राज्य आंदोलन में अविस्मरणीय योगदान है। राज्य आंदोलन में एक मुखर एवं संघर्षशील योद्धा के तौर पर उन्होंने प्रतिभाग किया एवं आजीवन उत्तराखंड के विकास के लिए चिंतित एवं संघर्षशील रहीं। उनका यूं ही हम सब को छोड़कर चले जाना स्तब्ध कारी है।अपने संदेश में उन्होंने कहा कि आजीवन महिलाओं और आम उत्तराखंड वासियों के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा । करण महारा ने कहा कि मैं कांग्रेस परिवार की ओर से सुशीला बलूनी को भावभीनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं , एवं परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता हूं कि भगवान इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को इस दुख को सहने की क्षमता प्रदान करें।