Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून 26 नवम्बर(Big news today)। संविधान दिवस के अवसर पर राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लोक भवन में संविधान की उद्देशिका का पाठन किया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन एवं आचरण में आत्मसात करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि संविधान दिवस भारतीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को स्मरण करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत का संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ ही प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों और गरिमा की रक्षा का सशक्त माध्यम है। राज्यपाल ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी चिंतन, अथक प्रयासों और समर्पण से हमें ऐसा संविधान प्राप्त हुआ, जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के महान आदर्शों पर आधारित है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ संवैधानिक मूल कर्तव्यों के निर्वहन की भी प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, विधि परामर्शी श्री धनंजय चतुर्वेदी, अपर सचिव श्रीमती रीना जोशी, अपर सचिव वित्त डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




