बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व संवर्धन की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व बढ़ाने और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग और पुलिस को अवैध शराब की तस्करी रोकने हेतु संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए, वहीं परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में समय से राशन वितरण, राशन कार्डों के सत्यापन एवं अद्यतन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारियों को राशन कार्ड सत्यापन का रेंडम निरीक्षण करने और सस्ता गल्ला दुकानों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।


