Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

किडनी ट्रांसप्लांट से 5G एंबुलेंस तक… हैदराबाद का ESIC सनथ नगर बना आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का मॉडल

Dehradun Delhi Hyderabad Mussoorie Telangana Uttarakhand


Consulting Editor: Mohd Faheem ‘Tanha’ 

उत्तराखंड के 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने किया ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा, 1,044 बेड की एकीकृत स्वास्थ्य सुविधा और अत्याधुनिक सेवाओं की ली जानकारी

हैदराबाद, (BIG NEWS TODAY): 03 सितंबर 2026। तेलंगाना के हैदराबाद स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथ नगर ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा और तकनीक आधारित मरीज सेवाओं के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। अस्पताल में जहां गंभीर बीमारियों के इलाज से लेकर किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहीं 5G-सक्षम एंबुलेंस, होम ड्रग डिलीवरी और ऑनलाइन परामर्श जैसी डिजिटल सेवाएं स्वास्थ्य सुविधाओं को मरीजों के और करीब पहुंचा रही हैं।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत PIB देहरादून द्वारा आयोजित हैदराबाद प्रेस दौरे के तहत उत्तराखंड के 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सनथ नगर का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल को यहां कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सा शिक्षा, अत्याधुनिक तकनीक और अस्पताल की उपलब्धियों की प्रत्यक्ष जानकारी दी गई।

1,044 बेड का विशाल स्वास्थ्य परिसर

अस्पताल की डीन डॉ. एस. सीथालक्ष्मी ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि सनथ नगर परिसर में कुल 1,044 बेड की एकीकृत स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध है। इसमें 800 बेड का ESIC मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल तथा 244 बेड का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शामिल है।

परिसर में 159 ICU बेड, 45 डायलिसिस बेड, 10 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और पांच उन्नत OT सूट हैं। अस्पताल में ब्रॉड स्पेशलिटी के साथ-साथ सुपर स्पेशलिटी सेवाएं भी उपलब्ध हैं और आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे संचालित होती हैं।

चार साल में बढ़ी मरीजों की संख्या

अस्पताल के आंकड़े बताते हैं कि पिछले कुछ वर्षों में यहां मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। वर्ष 2022 में जहां वार्षिक OPD करीब 6.94 लाख थी, वहीं 2025 में यह बढ़कर 9.80 लाख से अधिक हो गई। इसी अवधि में वार्षिक दाखिले 78 हजार से बढ़कर करीब 95 हजार हो गए।

सर्जरी की संख्या भी 2022 के 16,223 से बढ़कर 2025 में 20,117 पहुंच गई। वर्ष 2025 में अस्पताल ने 85.6 प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

किडनी ट्रांसप्लांट में भी बना अहम केंद्र

ESIC सनथ नगर की खास उपलब्धियों में किडनी ट्रांसप्लांट सेवाएं भी शामिल हैं। अस्पताल में लाइव डोनर और कैडवेरिक, दोनों तरह के किडनी ट्रांसप्लांट किए जा रहे हैं। यहां ABO-असंगत किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी उपलब्ध है।

अस्पताल ने 8 जून 2024 को अपना पहला इन-हाउस कैडवेरिक ऑर्गन रिट्रीवल किया था। अब तक यहां 30 किडनी ट्रांसप्लांट किए जा चुके हैं, जिनमें 18 लाइव-डोनर ट्रांसप्लांट शामिल हैं। वर्ष 2025-26 में हीमोडायलिसिस सुविधा से करीब 59,868 बीमित मरीजों को लाभ मिला।

16.7 लाख से ज्यादा जांच, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं

अस्पताल की पैथोलॉजी लैब भी बड़े पैमाने पर जांच सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। NABL एंट्री-लेवल टर्शियरी-केयर डायग्नोस्टिक लैब में 162 प्रकार की जांचों के साथ 90 से अधिक इम्युनोहिस्टोकेमिस्ट्री और मॉलिक्यूलर मार्कर उपलब्ध हैं।

वर्ष 2025-26 के दौरान लैब में 16.7 लाख से अधिक जांचें की गईं।

अस्पताल में तकनीक का भी बढ़ा इस्तेमाल

ESIC सनथ नगर ने स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया है। रेडियोलॉजिकल इमेजिंग के लिए PACS, ई-ICU, ऑक्सीजन और वैक्यूम पाइपलाइन की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, केंद्रीय सूचना प्रणाली डैशबोर्ड और ऑनलाइन सैंपल कलेक्शन जैसी सुविधाएं यहां संचालित हैं।

इसके अलावा AAA+ ऐप आधारित OPD सेवाएं, ऑनलाइन परामर्श, होम ड्रग डिलीवरी, होम सैंपल कलेक्शन और 5G-सक्षम एंबुलेंस सेवा जैसी पहलें भी मरीजों को बेहतर और निरंतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

चिकित्सा शिक्षा का भी बड़ा केंद्र

ESIC मेडिकल कॉलेज सनथ नगर में चिकित्सा शिक्षा के लिए भी व्यापक व्यवस्था है। यहां 150 MBBS सीटें, 106 MD/MS सीटें और 15 M.Ch. सीटें उपलब्ध हैं। इसके साथ DNB और FNB कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।

एलाइड हेल्थ साइंसेज के विभिन्न पाठ्यक्रमों में भी 72 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें रीनल डायलिसिस टेक्नोलॉजी, रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी और ऑप्टोमेट्री जैसे विषय शामिल हैं।

2019 से लगातार मिल रही बेहतर प्रदर्शन की पहचान

ESIC सनथ नगर के दोनों अस्पतालों को वर्ष 2019 से लगातार 500 से अधिक बेड वाली श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ESIC अस्पतालों के रूप में मान्यता मिलती रही है।

दौरे के दौरान डॉ. जया कुंदन गेडाम, डॉ. रत्ना गोसाईं, डॉ. जी. लक्ष्मी प्रसाद और डॉ. जी. तिरुपति ने मीडिया प्रतिनिधियों को विभिन्न नैदानिक और शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल की प्रयोगशाला और अन्य चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

उत्तराखंड के मीडिया प्रतिनिधिमंडल के इस दौरे का उद्देश्य तेलंगाना में केंद्र सरकार की प्रमुख विकास गतिविधियों और पहलों की जमीनी जानकारी हासिल करना है। ESIC सनथ नगर का दौरा इस मायने में महत्वपूर्ण रहा कि पत्रकारों को यह देखने का अवसर मिला कि कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत किफायती स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा और डिजिटल तकनीक को एक ही स्वास्थ्य परिसर में किस तरह जोड़ा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *