Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने साधा कांग्रेस पर निशाना

Uttarakhand






हरिद्वार ।  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरिद्वार पहुंचे. यहां उन्होंने उत्तराखंड सरकार के 4 साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने करोड़ों की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया. साथ ही उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.


अमित शाह ने कहा पीएम मोदी ने उत्तराखंड के 25 साल का महोत्सव शुरू करवाया. उन्होंने कहा एक जमाना था जब उत्तराखंड अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा था. आज राज्य की अलग पहचान है. उन्होंने कहा उत्तराखंड के अस्तित्व को बचाने के लिए यहां के युवा मैदान में थे. तब कांग्रेस और समाजवादी पार्टियों ने उनका दमन किया था


अमित शाह ने कहा अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया. उन्होंने कहा कांग्रेस कह रही थी कि छोटे राज्य कैसे टिकेंगे, इनकी अर्थव्यवस्था कैसे चलेगी, लेकिन अटल जी ने तीन राज्य बनाए, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और झारखंड. आज तीनों राज्य विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा अटल जी ने बनाया है, मोदी जी संवारने का काम करेंगे. अमित शाह ने कहा आज यहां पर 1900 युवाओं को पुलिस आरक्षियों की नौकरी मिल रही है. मैं सभी युवाओं से मन से पूछना चाहता हूँ कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो क्या यह नौकरी मिलती? पर्ची भी चाहिए होती और खर्चा भी लगता, अब कोई सिफारिश नहीं, कोई रिश्वत नहीं।.

पहाड़ पर रहने वाली बूढ़ी मां का बेटा भी बिना सिफारिश के नौकरी पा रहा है. इसी को सुशासन कहते हैं. अमित शाह ने कहा आज यहां पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से आए हुए लगभग 200 लोगों को नागरिकता दी गई है. उन्होंने कहा इन सबने बहुत सारी यातनाएं झेली हैं. अपने धर्म, परिवार और महिलाओं के सम्मान को बचाने के लिए वे हमारे देश में आए, क्या भारत उन्हें नागरिकता नहीं देगा? राहुल बाबा, आप कितना भी विरोध कर लो, हम उन्हें नागरिकता देकर ही रहेंगे . उन्होंने कहा यहां आए हुए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन शरणार्थियों का इस देश पर उतना ही अधिकार है जितना सबका है. वे हमारे नागरिक हैं, लेकिन तुष्टीकरण की राजनीति के कारण उन्हें आज़ादी से अब तक नागरिकता से वंचित रखा गया था .

अमित शाह ने कहा जब मैं CAA का कानून लेकर आया था, तब कांग्रेस, सपा, बसपा, ममता, डीएमके, सारे के सारे लोग सदन में हो-हल्ला कर रहे थे.अमित शाह ने कहा धामी सरकार ने लैंड जिहाद के खिलाफ भी एक्शन लिया है.कांग्रेस की पूरी ऊर्जा घुसपैठियों को बचाने में लगी हुई है. उत्तराखंड में धामी जी ने लगभग 10 हजार से ज्यादा अतिक्रमण उखाड़कर फेंक दिए हैं. देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, एक-एक को चुन-चुनकर हम भारत से बाहर निकालने का काम करेंगे, राहुल बाबा को जितना विरोध करना है कर लें. उन्होंने कहा कांग्रेस SIR का अभी विरोध कर रहे हैं. उन्होंने कहा चुनाव आयोग मतदाता सूची का शुद्धिकरण कर रहा है. भाजपा उसका पूरा मर्थन कर रही है. जिस देश की मतदाता सूची शुद्ध न हो, उस देश का लोकतंत्र लंबे समय तक सुरक्षित नहीं रह सकता है,

अमित शाह ने कहा पीएम मोदी ने सीमांत गांवों को देश के पहले गांव का सम्मान दिया है. वाइब्रेंट विलेजेज़ प्रोग्राम के माध्यम से हम सीमांत गांवों का विकास कर, भारत के पहले गांव का विकास कर वहां से पलायन रोकने की योजना बना रहे हैं. जिसका सबसे अधिक फायदा उत्तराखंड को हो रहा है.अमित शाह ने कहा 2026 में बंगाल और तमिलनाडु में भाजपा और एनडीए की सरकार बनने जा रही है. 2027 का उद्घाटन देवभूमि की जनता को करना है. उत्तराखंड में फिर एक बार प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनानी है.