देहरादून। आज मेयर सौरभ थपलियाल ने मोहकमपुर फ्लाईओवर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों एवं स्थानीय नागरिकों को हो रही समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सर्विस लेन के डामरीकरण, सड़क मरम्मत, सीवर एवं पेयजल लाइन कार्यों के बाद अधूरी छोड़ी गई व्यवस्थाओं, फ्लाईओवर के नीचे सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बरसात के दौरान संभावित जलभराव एवं दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे नशा करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हेतु पुलिस विभाग को भी निर्देशित किया।
जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


