Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

घनसाली-घुत्तू मार्ग पर पोखार के पास यूटिलिटी खाई में गिरी, पांच लोगों की मौत, तीन घायल, सीएम धामी ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया

Dehradun Uttarakhand


देहरादून/टिहरी, बिग न्यूज़ टूडे। टिहरी जिले में घनसाली क्षेत्र में घनसाली-घुत्तू मोटर मार्ग पर पोखार के पास यूटिलिटी खाई में गिरने से उसमें सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
गुरुवार को यूटिलिटी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस वाहन में आठ लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त यूटिलिटी घनसाली से सौड़ गांव जा रही थी। घनसाली थाना पुलिस के अनुसार दोहपर में आठ सवारियों को लेकर यूटिलिटी ग्राम सौड़ जा रहा था। पोखर गांव के पास से गेंवली के लिए नई रोड का कटिंग का काम हो रहा है। यहीं पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन में सवार सौड़ गांव के रहने वाले पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में सभी सौड़ गांव निवासियों में लक्ष्मी प्रसाद (66) पुत्र ब्रह्मी दत्त, प्रताप सिंह (44) पुत्र भगवान सिंह, गुणानंद (65) पुत्र चिंतामणी, बिहारी लाल (65) पुत्र श्योला लाल और हेमा देवी (50) पत्नी चंद्र सिंह शामिल हैं। जबकि पिलखी अस्पताल में इलाज के लिए लाए गए घायलों में सौड़ गांव निवासी विजय राम पुत्र केबल राम, सौड़ गांव निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र जीत सिंह और ग्राम बुटवा निवासी चालक बचन सिंह शामिल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिये हैं।