Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने सौरभ वत्स को सौंपी उत्तराखंड की कमान, 2027 चुनावों के लिए संगठन विस्तार का बिगुल

Dehradun Uttarakhand






देहरादून, (BIG News Today): उत्तराखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल ने युवा, ऊर्जावान एवं जनप्रिय नेता सौरभ वत्स को पार्टी का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र प्रदेश में संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित भव्य प्रेस वार्ता एवं स्वागत समारोह में प्रदेशभर से आए हजारों कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं पदाधिकारियों ने सौरभ वत्स के नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला तथा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सौरभ वत्स ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल उत्तराखंड के युवाओं, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, कर्मचारियों और आम जनमानस की आवाज़ को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए जनता के बीच मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक त्यागी ने कहा कि राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल देश और प्रदेश में वैकल्पिक राजनीतिक सोच को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सौरभ वत्स के नेतृत्व में उत्तराखंड में संगठन तेजी से विस्तार करेगा और 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी एक सशक्त राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष करना है। उत्तराखंड में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए शीघ्र ही व्यापक अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर उद्योगपति समीर चौधरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शरद शर्मा, जसविंदर सिंह ढिल्लों, विश्वास बिश्नोई, आदिल पाशा, कामरान सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, जनहित एवं उत्तराखंड के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *