देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को सायं मुख्यमंत्री आवास में प्रदेश से राज्यसभा के लिये निर्विरोध चुने जाने के बाद महेन्द्र भट्ट ने भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संसद के उच्च सदन में उनकी उपस्थिति से प्रदेश के विकास सम्बन्धी कार्यों को प्रबलता मिलेगी।
उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए। मंगलवार को विधानसभा में चुनाव आयोग के रिटर्निंग अफसर ने उन्हें निर्वाचन का प्रमाणपत्र सौंपा। राज्यसभा सदस्य पद के लिए केवल भट्ट का नामांकनपत्र दाखिल हुआ था।
नामांकनपत्र सही पाए जाने और नाम वापसी के आखिरी दिन उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी समेत कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। निर्वाचन के बाद भट्ट ने प्रदेश पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा, वह पार्टी नेतृत्व के भरोसे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत में आतिशबाजी की। यहां से ढोलबाजों के साथ जुलूस कचहरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचा, जहां भट्ट ने राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया। उन्होंने अगले 100 दिन कोई विश्राम नहीं लेने के मोदी संकल्प पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।


