Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

अंकिता भंडारी हत्याकांड में करन माहरा ने सरकार पर लगाया साक्ष्य छिपाने का आरोप

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस्तीफा मांगा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, रिजॉर्ट में जिसने बुलडोजर चलाया उसके कोर्ट में बयान दर्ज हुए हैं। उसका कहना है कि क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट और एसडीएम के कहने पर उसने ऐसा किया।

आरोप लगाया कि उस दौरान मुख्यमंत्री और वर्तमान में डीजीपी भी बुलडोजर चलवाने वालों में शामिल थे। इन सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना चाहिए। कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत में माहरा ने 24 सितंबर 2022 के सीएम के ट्वीट को दिखाते हुए बताया, इसमें लिखा है कि आरोपियों के गैरकानूनी रूप से बने रिजॉर्ट पर कल देर रात बुलडोजर से कार्रवाई की गई है। कहा, हालांकि सीएम ने बाद में कानूनी राय लेने के बाद ट्वीट को हटा दिया। इसके अलावा वर्तमान में डीजीपी ने भी ट्वीट किया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, अपराध करने के बाद बड़ा अपराध सबूत मिटाना है। इस मामले में चारों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। इस मसले पर लोगों का भी यही आरोप था कि विधायक ने बुलडोजर चलवाया है, लेकिन पुलिस ने अब तक विधायक का बयान नहीं लिया।

कहा, पुलिस की एक रिपोर्ट में भी कहा गया कि बुलडोजर चलाने से केस पर कोई फर्क नहीं पड़ता। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो इसके लिए सीएम को पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस मसले पर क्या कांग्रेस, सीएम एवं अन्य के खिलाफ मुकदमा कराएगी के सवाल पर कहा, यदि कोई बड़ा अपराध होता है तो संबंधित से पूछताछ होनी चाहिए। यदि अपराध में शामिल है तो मुकदमा होना चाहिए। वहीं, मूल निवास कट ऑफ डेट 1950 के मसले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, इस पर आम राय बननी चाहिए।