Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

विस भर्ती मामला: कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच सीबीआई और ईडी के कराने की मांग की

Dehradun Uttarakhand


ऋषिकेश/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: उत्तराखंड विधानसभा बैकडोर भर्ती घोटाले में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की मुश्किलें कम होती दिखाई नहीं दे रही हैं. कांग्रेस लगातार मुद्दे को भुनाने की कोशिश में लगी हुई है. इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर विधानसभा भर्ती मामले पैसों के लेनदेन का आरोप लगाया है. साथ ही विपक्ष ने इस पूरे मामले की जांच सीबीआई और ईडी के कराने की मांग की है.

मीडिया से मुखातिब होते हुए जयेंद्र रमोला ने कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा में भर्ती घोटाले का मामला केवल युवाओं की भर्तियों तक सीमित नहीं है. बल्कि इसमें बहुत बड़ी रकम का लेनदन भी शामिल है. जिसकी वजह से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और वर्तमान में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की संपत्तियों में काफी इजाफा हुआ है, जिसके दस्तावेज और सबूत उनके पास मौजूद हैं. ऐसे में रमोला ने सरकार से इस पूरे प्रकरण की जांच ईडी और सीबीआई से सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में कराने की मांग की है. साथ ही कहा कि जांच प्रभावित न हो इसके लिए कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा भी देना चाहिए.