Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

हिम स्खलन होने से बीआरओ का काम कर रहे 57 मजदूर दबे, बचाव कार्य जारी

Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जनपद में माणा बाई पास के निकट शुक्रवार की सुबह एवलांच आने के कारण बीआरओ के 57 मजदूर दब गए। ये मजदूर आर्मी मूवमेंट के लिए बर्फ हटाने का काम करते हैं, वे हिमस्खलन की चपेट में आ गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला शासन को दिन में करीब 11 बजे एवलांच आने की सूचना मिल पाई। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने तुरन्त आर्मी, टीबीपी,एसडीआरफ, बीआरओ तथा पुलिस की संयुक्त टीम को बचाव, खोजबीन के रवाना किया। 

जिलाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम तक 57 में से अभी तक 33 मजदूरों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। शेष 24 मजदूरों को खोजबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि एनडीआरफ की टीम घटना स्थल पर पहुंच चुकी है। प्रधानमंत्री कार्यालय से भी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनीटरिंग की जा रही है। और जिला प्रशासन की यथासंभव मदद दी जा रही है। इसके साथ ही माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए है। और शनिवार को माननीय मुख्यमंत्री रेस्कयू ऑपरेशन में पहुंचकर आवश्यक दिशा निर्देश देंगे।

उन्होंने कहा कि बर्फवारी और रात होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड रहा है। आशा करते हैं कि हम 25 मजदूरों को भी सकुशल निकाल पाएंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने जोशीमठ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और आर्मी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर कल भी मौसम खराब रहा तो इन अस्पतालों में घायलों का उपचार किया जाएगा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, एसडीएम चन्द्रशेखर वशिष्ठ व एसीएमओ एमएस खाती मौजूद रहे।

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली जनपद में बद्रीनाथ धाम से 6 किलोमीटर आगे हिमस्खलन में फंसे लोगों को निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। शाम 5ः00 बजे तक 32 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, शेष 25 लोगों को निकालने की कार्रवाई गतिमान है।