देहरादून, 03 जुलाई। (M. Faheem ‘Tanha’): देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान दो फायर किए गए। एक गोली एक व्यक्ति के कंधे पर और दूसरी गोली दूसरे व्यक्ति के पैर पर जा लगी। घटना उस वक्त हुई जब किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति के कंधे में गोली लगी वह शराब के ठेके के पास से गुजर रहा था। घटना के बाद आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गया और घायल को कैलाश हॉस्पिटल और दून हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
रायपुर थाना पुलिस के मुताबिक नवीन राना पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह राणा निवासी राजीव नगर 6 नंबर पुलिया के पास शराब के ठेके के पास से किसी काम से गुजर रहा था। इसी दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ। एक पक्ष दूसरे पक्ष के पीछे दौड़ा और इसी दौरान एक पक्ष में फायरिंग कर दी। गोली पास ही गुजर रहे नवीन राणा और कविंद्र शर्मा को लग गई। नवीन राणा के कंधे पर और कवींद्र शर्मा के पैर में गोली लगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों में नवीन राणा को कैलाश हॉस्पिटल एवं कवीद्र शर्मा को दून अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार चल रहा है । पुलिस के मुताबिक जिन पक्षों के बीच में झगड़ा हुआ था वह अभी फरार है पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।



