Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

शीतलहर को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग एलर्ट

Dehradun


आपदा प्रबंधन विभाग ने जनपदों को जारी किए दिशा-निर्देश
Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून(Big news today)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखण्ड में शीतलहर की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जनपदों को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास  विनोद कुमार सुमन ने बताया कि  मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी तथा  आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री  मदन कौशिक द्वारा शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सचिव  सुमन ने बताया कि सभी जनपदों कोल्ड वेव एक्शन प्लान को अपडेट रखने तथा विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने को कहा गया है। जनपद, तहसील, विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। शीतलहर से संबंधित कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। उनके नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराते हुए आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।

शीतलहर के दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को सक्रिय एवं सतर्क रखा जाएगा। मौसम संबंधी चेतावनियों, सड़क एवं यातायात की स्थिति, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं तथा बेघर एवं निराश्रित लोगों की स्थिति की नियमित निगरानी कर आवश्यक सूचना संबंधित अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाई जाएगी।

सचिव श्री सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान एवं शीतलहर संबंधी चेतावनियों को जिला स्तर से तहसील, विकासखंड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाएगा।

शीतलहर एवं पाला प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हीकरण
जनपदों में पूर्व से शीतलहर, पाला, बर्फबारी एवं अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उच्च हिमालयी, दुर्गम, दूरस्थ तथा सड़क संपर्क से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जनजीवन एवं आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जाएगी।

संवेदनशील एवं जोखिमग्रस्त व्यक्तियों की पहचान
बुजुर्ग एवं अकेले रहने वाले व्यक्ति, नवजात एवं छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति, खुले में रहने वाले श्रमिक, बेघर एवं निराश्रित व्यक्ति, सड़क किनारे रहने वाले लोग तथा अत्यंत गरीब एवं कमजोर परिवारों की पहचान एवं निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार उन्हें गर्म कपड़े, कंबल, आश्रय, भोजन एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। गर्भवती महिलाओं का डाटाबेस भी बनाने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *