Consulting Editor: M.Faheem 'Tanha'
देहरादून। (Big News Today): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविरों की सार्थकता एक बार फिर देखने को मिली, जब सहसपुर शिविर में अपनी समस्या लेकर पहुंची एक महिला को मुख्यमंत्री के निर्देश पर उसी दिन शाम तक सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
सहसपुर में आयोजित शिविर के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी दौरान स्थानीय निवासी बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार शुरू करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन नहीं होने के कारण अपना कार्य शुरू नहीं कर पा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने महिला से कहा कि शाम तक मशीन घर पहुंच जाएगी। और उन्होंने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मुख्यमंत्री के अपर सचिव (आईएएस) बंशीधर तिवारी के समन्वय से बबली गुप्ता को उसी दिन शाम तक सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई। बल्कि खुद मुख्यमंत्री के अपर सचिव और DG सूचना बंशीधर तिवारी सिलाई मशीन लेकर महिला के सुपुर्द करने पहुंचे। और संदेश दिया कि यही है ज़न ज़न की सरकार।
सिलाई मशीन मिलने के बाद बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से उनके स्वरोजगार का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब वह जूट बैग निर्माण का कार्य शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
यह घटना ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के उद्देश्य को भी रेखांकित करती है, जिसके तहत जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हुए पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जा रहा है।



