देहरादून, (Mo Faheem ‘Tanha’): कॉंग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने आनुषंगिक संगठनों के पेंच कसने की कोशिश की हैI अपने दो दिवसीय प्रदेश के दौरे पर आज बुधवार को सुबह देहरादून पहुंची कॉंग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के काम में जुट गई हैंI देहरादून पहुंचने पर बीजापुर गेस्ट हाउस में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने पुष्पगुच्छ भेंट करके प्रभारी का स्वागत किया।
प्रदेश प्रभारी के साथ एआईसीसी से जिला अध्यक्षों के चुनाव की समिति के समन्वयक प्रभारी चिल्ला वामशी चंद्र रेड्डी भी देहरादून पहुंचे हैं। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा की प्रथम बैठक ज़िला अध्यक्षों के साथ बीजापुर गेस्ट हाउस में संपन्न हुई, जिसमें कॉंग्रेस संगठन के 27 में से 25 जिला अध्यक्ष मौजूद रहेI दो जिला अध्यक्ष कुछ कारणवश मौजूद नहीं हो पाए।
बैठक में शैलजा के सामने पिछले 6 माह में जबसे संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे, तबसे लेकर अब तक का रिपोर्ट कार्ड रखा गया। पार्टी को मजबूती प्रदान करने से लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करने की दिशा में जिला अध्यक्षों द्वारा क्या क्या कार्य किया गया उसकी रिपोर्ट पेश की गई और आने वाले तीन महीने का रोड मैप भी उन्हें दिया गया। जिसकी समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ ही बैठक में बूथ कमेटियों पर भी चर्चा हुई, पार्टी की विचारधारा को कैसे जन जन तक पहुंचाना है इस पर जिला अध्यक्षों की अहम भूमिका होगी। कॉंग्रेस प्रभारी ने बैठक में चर्चा की है कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन को कैसे और गति प्रदान करनी है। आगे के कार्यक्रम क्या होंगे हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलना होगा ये प्रमुख बिंदु रहे। सभी से एकसाथ बैठक के बाद प्रभारी शैलजा ने एक-एक करके भी अकेले में जिला अध्यक्षों से बात की।
ज़िला अध्यक्षों की बैठक के बाद फ्रंटल और अनुशांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई, बैठक में पिछले समय की रिपोर्ट पर चर्चा हुई, कौन सक्रिय रूप में कार्य कर रहा है कौन नहीं, इन बातों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी कुमारी शैलजा ने चेतावनी देते हुए कहा है कि पार्टी के कार्यक्रम में हर प्रकोष्ठ और विभाग की समान भूमिका होगी और सबको साथ मिलकर कांग्रेस को आगे बढ़ाना हैI
इसके अलावा अब तक फ़्रंटल्स और अन्य विभागों के कार्यकाल की समीक्षा हुई जिससे प्रभारी ने नाराजगी जतायी और उम्मीद की है की आगे फ़्रंटल्स की भूमिका और भी मजबूत होनी चाहिए।
फ्रंटल्स की बैठक के बाद प्रदेश के वरिष्ठ नेतागणों के साथ प्रभारी की बैठक हुई जिसमे 2027 के चुनाव पर चर्चा हुई और आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई, प्रभारी ने राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों को लेकर प्रदेश नेताओं को सराहा वरिष्ठ नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदीप टम्टा, क़ाज़ी निजामुद्दीन सहित अन्य विधायक मौजूद रहे। बैठक के दौरान प्रभारी के साथ सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, मनोज यादव भी उपस्थित रहे।



