बागेश्वर. जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के क्रम में औषधि निरीक्षक पूजा रानी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ के औषधि भंडार, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र तथा गरुड़, बैजनाथ एवं चौरसौं क्षेत्र के विभिन्न औषधि प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान औषधियों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, स्टॉक प्रबंधन, अभिलेख संधारण, एक्सपायरी मॉनिटरिंग एवं नियामकीय मानकों के अनुपालन की गहन समीक्षा की गई।
अभियान के तहत एक औषधि प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसके औषधि क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई, जबकि पांच मेडिकल स्टोरों को सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण एवं अनुपालन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का पालन न करने पर लाइसेंस निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य को गुणवत्तायुक्त, सुरक्षित एवं प्रभावी औषधियां उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।



