Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

चम्पावत में आयोजित होली मिलन समारोह, सीएम धामी ने बजाई ढोलक

Dehradun Uttarakhand


चंपावत/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिनों से कुमाऊं दौरे पर हैं. जहां सीएम धामी चंपावत के गोरलचौड़ मैदान में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए. इस दौरान सीएम धामी का अलग ही अंदाज देखने को मिला. जहां सीएम धामी ढोलकी बजाते नजर आए तो वहीं महिलाओं के साथ जमकर थिरके. इससे पहले सीएम धामी ने न्याय के देवता गोलू (गोल्ज्यू) महाराज के मंदिर में पूजा अर्चना भी की.

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ काली कुमाऊं की प्रसिद्ध खड़ी होली गायी. साथ ही उनके साथ मिलकर होली भी खेली. इसके अलावा सीएम धामी महिलाओं के साथ खड़ी होली गीत पर जमकर थिरके. वहीं, सीएम धामी ने काफी संख्या में लोगों को बीजेपी की सदस्यता भी दिलवाई.

सीएम धामी ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ में जाकर लोगों को आगामी लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा बीजेपी प्रत्याशी अजय टम्टा के पक्ष में वोट डालने की अपील करें. हर एक वोट नए भारत के संकल्प को पूरा करेगा. साथ ही पीएम मोदी की ओर से शुरू की गई विकास की धारा को आगे बढ़ाने का काम करेगा.