Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

मुख्यमंत्री की घोषणा हुई साकार, फुंगरहाईस्कूल को मिला इंटरकॉलेज का दर्जा

Dehradun


घर के नजदीक मिलेगी 12वीं तक की शिक्षा, ग्रामीण क्षेत्र के छात्रछात्राओं को बड़ी राहत
Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’

चम्पावत, 25 सितम्बर(Big news today)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनपद चम्पावत में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को घर के नजदीक बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में की गई एक और महत्वपूर्ण घोषणा धरातल पर साकार हुयी है। इस क्रम में शासन द्वारा विकासखंड चम्पावत के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुंगर को इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। विद्यालय के इंटर स्तर पर उच्चीकृत होने से फुंगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को सीधा लाभ मिलेगा। अब हाईस्कूल के बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दूरस्थ विद्यालयों तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें अपने क्षेत्र के नजदीक ही कक्षा 12 तक शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।

इससे विद्यार्थियों के समय की बचत होगी, आवागमन संबंधी परेशानियां कम होंगी और विशेष रूप से बालिकाओं के लिए उच्च शिक्षा की राह और सुगम होगी।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विद्यालय के उच्चीकरण को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर शैक्षिक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। विद्यालयों के उच्चीकरण से स्थानीय स्तर पर शिक्षा का आधारभूत ढांचा मजबूत होने के साथ बच्चों को अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने शिक्षा विभाग को शासन के आदेश के अनुरूप आगे की आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रा. जिला शिक्षा अधिकारी श्री भारत जोशी ने बताया कि फुंगर हाईस्कूल को इंटर स्तर पर उच्चीकृत किए जाने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। शासन के आदेश के अनुरूप विद्यालय के उच्चीकरण से संबंधित आवश्यक विभागीय एवं प्रशासनिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद में शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। इससे पूर्व विकासखंड चम्पावत के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरा एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मौराड़ी को इंटर स्तर पर उच्चीकृत किए जाने की सैद्धांतिक एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इसी प्रकार विधानसभा लोहाघाट के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम को हाईस्कूल स्तर पर उच्चीकृत किया गया है, जबकि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सल्ली, पल्सो एवं डूंगरालेटी को भी इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकृत करने की स्वीकृति मिल चुकी है।

इन विद्यालयों के उच्चीकरण से जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट शिक्षा का दायरा और व्यापक होगा। विद्यार्थियों को उच्च कक्षाओं की पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय रने की आवश्यकता कम होगी और अभिभावकों पर आवागमन से जुड़ा अतिरिक्त भार भी घटेगा। स्थानीय स्तर पर कक्षा 12 तक शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होने से विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलने तथा ड्रॉपआउट कम करने में भी मदद मिलेगी। शासन के आदेश के अनुसार उच्चीकृत विद्यालय में आवश्यक पदों एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित कार्यवाही निर्धारित सेवा नियमों एवं शासन के प्रावधानों के अनुरूप की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के लगातार धरातल पर उतरने से चम्पावत में शैक्षिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। फुंगर विद्यालय का उच्चीकरण इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है, जिससे दूरस्थ क्षेत्र के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच घर के और नजदीक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *