देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: मानसून के समापन के साथ ही उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों की संख्या भी बढ़ने लगी है। तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक बार फिर श्री केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं भी शुरू कर दी गई हैं। इसका अंदाज इससे लगाया जा सकता है कि दीपावली तक केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग फुल हो चुकी है। केदारनाथ धाम में इस साल अब तक 11 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। इसमें 92 हजार यात्री हेली सेवा के माध्यम से केदारनाथ पहुंचे। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ सी. रविशंकर ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए लोगों में भारी उत्साह है। दीपावली तक केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन बुकिंग फुल हो चुकी है।
अन्य धामों के साथ ही 18 किलोमीटर पैदल ट्रैक वाले केदारनाथ धाम में तीर्थयात्रियों की संख्या में भी लगातार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। प्रत्येक दिन चार से छः हजार के बीच यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। हेली सेवाओं के पुनः संचालन से धाम की यात्रा आसान हो गई है। हेली कंपनियों द्वारा तीर्थयात्रियों को बेहतर व्यवस्थाएं मुहैया कराई जाए इसके लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम जाने के लिए तीर्थयात्रियों को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी से हेली सेवा की सुविधा दी जाती है। इस साल पहली बार मानसून के दौरान भी श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराई गई।



