Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

Chardham Yatra: कपाट खुलते ही जयकारों से गूंजा धाम, सीएम धामी ने पत्नी संग किये बाबा केदार के दर्शन

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: आज विधि-विधान से सुबह सात बजे पहले केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गए। इस दौरान हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों के साथ बाबा केदार की पंचमुखी डोली केदारनाथ पहुंची है। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। 

केदारनाथ धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर सीएम धामी अपनी पत्नी संग मौजूद रहे और बाबा केदार का आशीर्वाद लिया। केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोले गए । मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा हेतु आए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि वे बाबा केदार, मां गंगोत्री और मां यमनोत्री एवं बद्रीविशाल से प्रार्थना करते हैं कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी चारधाम यात्रा हर्षाेल्लास एवं धूमधाम से सकुशल संपन्न हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा अपने पिछले सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ेगी। राज्य सरकार सुरक्षित चारधाम यात्रा के लिए प्रयासरत है। सरकार द्वारा प्रत्येक स्तर पर चारधाम यात्रा संबंधी तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। हमारा प्रयास रहेगा कि जो भी श्रद्धालु, यात्रा खत्म होने के उपरांत अपने घर लौटे वह देवभूमि उत्तराखंड में बिताए गए समय की स्वर्णिम यादों को साथ लेकर जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चार धाम यात्रा राज्य के लिए एक उत्सव के समान है। उन्होंने कहा देश विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड आते हैं। इस वर्ष अभी तक लगभग 20 लाख से अधिक लोगों द्वारा यात्रा हेतु रजिस्ट्रेशन करवाया गया है। सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम तथा सुरक्षित हो इसकी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं पर भगवान की विशेष कृपा रहती है।

केदारनाथ मंदिर को 20 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया है। धाम में दर्शन के लिए इस बार श्रद्धालु आस्था पथ से जाएंगे। आस्था पथ पर बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था है। साथ ही बारिश व बर्फबारी से बचने के लिए रेन शेल्टर बनाया गया।