Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

भाजपा ने पीएम मोदी की ऋषिकेश रैली को कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील बताया

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: शुक्रवार 12 अप्रैल को उत्तराखंड भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति से संयोजक और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने प्रेस वार्ता की. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऋषिकेश रैली को कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील बताया है. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी की जीत निश्चित हो गई है.

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की देखा देखी कांग्रेस भी अब चुनाव के आखिरी समय में जाग गई है और अपने कुछ नेताओं के दौरे उत्तराखंड में लगाने जा रही है, जिसमें से एक रैली प्रियंका गांधी वाड्रा की रुड़की में होनी है. भारतीय जनता पार्टी ने लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी से उत्तराखंड में आने पहले कुछ सवाल पूछे हैं.

प्रियंका गांधी की रैली से पहले भाजपा ने पूछे ये सवाल:

  • मोहब्बत की दुकान चलाने वाली कांग्रेस को राम मंदिर और सनातन धर्म से इतनी नफरत क्यों है?
  • कांग्रेस भारत की सनातनी संस्कृति को नष्ट करने में क्यों जुटी है और इस तरह के बयान क्यों देती है?
  • लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी उन्हीं की पार्टी से महिलाओं के लिए होने वाली अभद्र टिप्पणी पर क्यों नहीं बोल पाती हैं?
  • लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली प्रियंका गांधी अपनी ही पार्टी में महिला के सम्मान को लेकर के क्यों नहीं लड़ पाती हैं?
  • कांग्रेस के नेता राहुल गांधी मां शक्ति को लेकर अपत्तिजनक टिप्पणी करते हैं, उस पर प्रियंका गांधी सवाल क्यों नहीं कर पाती हैं?
  • उत्तराखंड की पांच में से एक भी सीट पर कांग्रेस ने महिला को टिकट क्यों नहीं दिया? इस पर प्रियंका गांधी क्यों नहीं लड़ पाती हैं?

अंकिता हत्याकांड पर भी दिया जवाब: कांग्रेस आरोप लगा रही है कि ऋषिकेश रैली में पीएम मोदी अंकिता हत्याकांड पर मौन रहे हैं, जिसके के जवाब में नरेश बंसल ने कहा कि अंकिता हत्याकांड प्रकरण की जांच तत्परता से चल रही है. इस हत्याकांड के जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है. किसी भी अपराधी को जमानत नहीं मिली है. प्रदेश सरकार की तरफ से जो कार्रवाई होनी चाहिए थी, वो की गई है. इस पर केवल राजनीतिक फायदा उठाने के लिए बात करना सही नहीं है.