Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

भाजपा की प्रदेश मीडिया कार्यशाला में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का लिया संकल्प

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: भाजपा की प्रदेश मीडिया कार्यशाला में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल एवं जफर इस्लाम ने पार्टी की मीडिया टीम से भाजपा की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने की अपील की। जीएमएस रोड़ स्थित होटल में आयोजित मीडिया टीम कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हमने कठोर नकल कानून, सख्त धर्मांतरण कानून, अवैध धार्मिक अतिक्रमण पर कार्यवाही, मातृ शक्ति को 30 फीसदी आरक्षण जैसे अनेकों ऐतिहासिक कदम उठाए हैं । अब सरकार को यूसीसी का वो ड्राफ्ट मिलने जा रहा है जिसे लागू करने के लिए देवतुल्य जनता ने हमे अपना आशीर्वाद दिया था । अब राज्य और केंद्र के ऐसे तमाम प्रयासों को जनता के मध्य अधिक से अधिक प्रसारित करना है । उन्होंने कहा कि 5 लाख से अधिक युवाओं ने ईमानदार और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत परीक्षाओं में सहभागिता की है । साथ ही यूसीसी के मुद्दे की विस्तृत जानकारी सभी माध्यमों से देनी है। विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही भ्रांति को भी दूर करना है । उन्होंने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि प्रभु श्री राम अपने मंदिर में पधारे हैं और लगभग 15 हजार वर्षों के बाद आज राम युग का आनंद ले रहे हैं ।

मीडिया कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रीय मीडिया प्रभारीअनिल बलूनी ने कहा कि भाजपा का स्वर्णिम काल अभी आना बाकी है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक विशेषज्ञों ने पहले 2014 की 282 सीटों को स्वर्णिम काल बताया। फिर 2019 की 303 सीटों को स्वर्णिम काल बताया। लेकिन पार्टी का स्वर्णिम काल अभी आना है जिसके लिए बिना थके, बिना रुके आगामी लोकसभा चुनावों के लिए हम सबको जुटना है। उन्होंने कहा, डिजिटल दौर में मीडिया की महत्ता और चुनौतियां बढ़ गई हैं। हमारे प्रशिक्षित और सक्रिय मीडिया विभाग, सोशल मीडिया और आईटी के सहयोगी संयुक्त रूप से बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। इस दौरान बलूनी ने प्रतिभागी पदाधिकारियों से सुझाव लिए और उनके मीडिया मैनेजमेंट से जुड़े सवालों पर मार्गदर्शन दिया ।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, हम आगामी लोकसभा चुनावों में होने वाली जीत में मीडिया का रोल सबसे अहम होने वाला है । क्योंकि विपक्ष लगातार मीडिया सोशल मीडिया के माध्यम से नकारत्मक प्रचार करने की रणनीति पर काम रहा है । लेकिन हमे उस नकारात्मकता को सकारात्मक जवाब के साथ आगे बढ़ाना है ।

इस दौरान पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान आधारित सत्र को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय सहकोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि एक लाइन में कहें तो हमारा विचार है, भारत माता की जय । भाजपा विचार, मूल्य और सिद्धांत को लेकर चलने वाली देश की इकलौती राजनैतिक पार्टी है । वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रदेश प्रवक्त श्री सुरेश जोशी ने मीडिया और सोशल मीडिया के बेहतर समन्वय को विस्तार से जानकारी दी ।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान कहा कि चुनाव की दृष्टि से प्रदेश मीडिया कोर कमेटी बनाई जाएगी, जो विभिन्न समसामयिक राजनैतिक मुद्दों पर पार्टी की वैचारिक पक्ष पर विमर्श करेंगे । साथ ही पहले लोकसभा, फिर विधानसभा स्तर पर मीडिया प्रभारी और टीम तैयार की जाएगी ।