देहरादून। रात्रि में ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण पागलनाला के पास पहाड़ी से अचानक मलबा आ जाने से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया था। मार्ग अवरुद्ध होने के चलते लगभग 380 बडे़ छोटे वाहन एवं करीब 3 से 4 हजार श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर फंस गए थे।यात्रा मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत टीमें बिना कोई समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर मार्ग को सुचारु करने का कार्य प्रारंभ किया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं अन्य राहत एवं बचाव टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत कार्य प्रारंभ किया गया। अंधेरी रात, लगातार बारिश और पहाड़ी से गिरते मलबे जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद मशीनों एवं मानव संसाधनों की मदद से संयुक्त रूप से लगातार कार्य किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार लगातार एक्टिव मोड में रहे। दोनों शीर्ष अधिकारियों द्वारा पूरी स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए यात्रा मार्ग को न्यूनतम समय में बहाल किया जाए।
रात के अंधेरे और खराब मौसम की कठिन परिस्थितियों के बावजूद प्रशासन व पुलिस के जवानों ने बेमिसाल समन्वय का परिचय दिया। भारी मशीनों के सहयोग से संयुक्त टीम ने तत्परता से कार्य किया और बेहद कम समय में मलबे को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारु कर दिया। मार्ग खुलने के पश्चात पुलिस बल द्वारा सभी श्रद्धालुओं को अत्यंत सुरक्षित और सुगमता से गंतव्य की ओर रवाना किया गया, जिससे यात्रियों को किसी भी प्रकार की बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
जिला प्रशासन और पुलिस की इस त्वरित कार्यप्रणाली, सजगता और सेवा भाव की मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी भूरि-भूरि प्रशंसा की है। वर्तमान में मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।


