Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

हल्द्वानी में मिशन 2024 पर भाजपा की माथापच्ची

Dehradun Uttarakhand


हल्द्वानी/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। भाजपा की हल्द्वानी में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दूसरे कुछ राजनीतिक प्रस्ताव लाए जाने के साथ भाजपा के नेताओं का पूरा फोकस केंद्रीय योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने व केंद्र तथा राज्य सरकार की 8 सालों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिये चिंतन मंथन किया गया।


हर समय चुनावी मोड में रहने के लिए जानी जाने वाली भाजपा का पूरा फोकस इस बात पर केंद्रित है कि 2024 के आम चुनाव में एक बार फिर राज्य की सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की जाए। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि हम केवल चुनाव जीतने के लिए काम नहीं करते हैं। लोगों के बीच रहकर उनके दुख-सुख में सहभागी बनते हैं। उनकी क्या समस्याएं हैं उन्हें दूर करने के प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार और राज्य सरकार के कामों का ही नतीजा है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में बंपर जीत दर्ज की और उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से मुख्यमंत्री को जनता ने जिताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में होने वाले निकाय और पंचायत चुनाव के अलावा लोकसभा 2024 का चुनाव भी है। हम प्रयासरत है कि हम एक बार फिर 2019 से अधिक वोटों से फिर पांचों लोकसभा सीटों को जीतकर प्रधानमंत्री मोदी का हाथ मजबूत करें।


उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का कुछ शेष नहीं बचा है राज्य की विधानसभा से लेकर लोकसभा की सभी सीटों और राज्यसभा की सभी तीनों सीटों पर भाजपा का कब्जा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी है। 10 जून से 20 जून तक भाजपा जिला कार्यसमितियों की बैठकें होंगी, 21 जून को योग दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में बड़े आयोजन किए जाएंगे और राज्य के सभी 252 मंडलों में बैठकें होंगी। उन्होंने कहा कि हम हर बूथ से लेकर पन्ना प्रमुखों की जिम्मेदारी तय करेंगे। कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री धामी से लेकर प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, सभी सांसद और पूर्व मुख्यमंत्रियों के अलावा राज्य सरकार के सभी मंत्री और विधायकों सहित तीन सौ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।