Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कर्नल कोठियाल ने दी सीएम धामी को खुली बहस की चुनौती, कितना रोजगार दिया, सार्वजनिक बहस में दें जवाब

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी कर्नल अजय कोठियाल ने रोजगार के मुद्दे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री को खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को डिबेट का खुला निमंत्रण देते हुए कहा है कि, सरकार ने अगर युवाओं को रोजगार दिया है तो, आखिर क्यों आज भी बेरोजगार अपनी मांगों को लेकर सडकों पर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने इस बात को ट्वीट करते हुए लिखा है कि मैं मुख्यमंत्री धामी जी को रोजगार के नाम पर बहस के लिए आमंत्रण देता हूं, स्थान और समय आपका होगा और हम आपको बताएंगे कि कैसे युवाओं को रोजगार दिया जाता है व नए अवसर तलाशे जाते हैं। डिबेट के बाद उत्तराखंड का युवा खुद तय करेगा कि किसके पास उसके भविष्य के लिए एक अच्छा विजन है। कर्नल कोठियाल ने कहा, सीएम धामी जहां कहे वो आने को तैयार हैं और रोजगार के नए अवसर प्रदेश में कैसे तलाशे जा सकते,रोजगार कैसे दिया जा सकता है इस पर खुली बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने खुद इसके लिए सीएम धामी को ट्वीट कर आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा इस खुली बहस के बाद उत्तराखंड का बेरोजगार युवा खुद तय करेगा उनके लिए अच्छा विजन किसके पास है।
कर्नल कोठियाल ने बताया कि, पिछले पांच सालों में उत्तराखंड में बेरोजगारी का ग्राफ लगातार बढ़ता गया है और राज्य पूरे देश में बेरोजगारी के आंकडों में पहले स्थान पर है।  जो प्रदेश के बडे ही शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है ,लेकिन यहां की सरकार के पास रोजगार मुहैया कराने का कोई भी विजन नहीं है। उन्होंने कहा कि यहां के मुख्यमंत्री ही खुद कब बेरोजगार हो जाएं ,ये कोई नहीं जानता। कर्नल कोठियाल ने कहा कि सरकार गलत आंकडों से जनता को गुमराह कर रही है। अगर सरकार ने इन साढे चार सालों में युवाओं को रोजगार दिया है तो सरकार इस मामले में श्वेत पत्र जारी करे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार सिर्फ जनता को बरगला रही है। उन्होंने कहा कि हमने बिना सरकार में रहे यूथ फाउंडेशन के जरिए 10 हजार से ज्यादा युवाअें को रोजगार दिया और सरकार बनने के बाद हम लाखों युवाओं को वादे के अनुसार रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनते ही सारी पुरानी भर्तियां निकाली जाएंगी और पुराने सभी रुके हुए रिजल्ट्स भी जारी किए जाएगे। उन्होंने कहा कि सरकार अपने पथ से भटक चुकी है और यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम भटकी हुई सरकार को राह दिखाएं। प्रदेश का युवावर्ग आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। रोजगार के विकल्प नाममात्र रह गए हैं। पहाड़ों से पलायन लगातार जारी हैं, लेकिन हमारी सरकार इस पर ठोस निर्णय लेने में अब तक असफल रही है। लेकिन हमारा वादा है कि हमारी सरकार बनते ही सभी बेरोजगारों को रोजगार देकर नई विचारधारा से जोडने का काम आप पार्टी करेगी।