Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून/अल्मोड़ा, (Big News Today) : उत्तराखंड की लोकसंस्कृति में न्याय के देवता के रूप में पूजनीय गोलू देवता केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसी लोकविश्वास, इतिहास और जनश्रुतियों को शोधपरक रूप में समेटने का प्रयास किया है वरिष्ठ शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त शिक्षक महेंद्र सी. कपिल ने अपनी पुस्तक ‘छाया माया आपकी’ के माध्यम से।
पुस्तक में गोलू देवता के जीवन, उनके न्याय सिद्धांत, लोकविश्वास, बाबा गोरखनाथ से जुड़े प्रसंगों तथा हिमालयी समाज में उनके प्रभाव को 26 शोधपरक अध्यायों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। लेखक ने केवल प्रचलित कथाओं पर भरोसा नहीं किया, बल्कि वर्षों तक उत्तराखंड और पश्चिमी नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर लोकगाथाओं, जागर परंपराओं, जनश्रुतियों और ऐतिहासिक तथ्यों का अध्ययन किया। उक्कू महल और हुनेनाथ गुफा जैसे स्थलों से जुटाई गई सामग्री पुस्तक को शोध की दृष्टि से भी विशेष बनाती है।
पुस्तक का शीर्षक ‘छाया माया आपकी’ उत्तराखंड के लोगों की उस गहरी आस्था का प्रतीक है, जिसमें गोलू देवता को न्याय, संरक्षण और सत्य के प्रतीक के रूप में स्मरण किया जाता है। लेखक का प्रयास है कि नई पीढ़ी केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के लोक इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को भी समझ सके।
इस कृति को असकोट रियासत के राजा भानुराज पाल, सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी तथा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट सहित अनेक विद्वानों ने सराहा है। उनका मानना है कि यह पुस्तक उत्तराखंड की लोकपरंपराओं के दस्तावेजीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।
लोकसंस्कृति और इतिहास में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए ‘छाया माया आपकी’ एक उपयोगी संदर्भ ग्रंथ साबित हो सकती है। यह पुस्तक वर्तमान में Amazon और Flipkart पर उपलब्ध है



