कांठ। जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम ने ग्राम रुस्तमपुर भैंसला में विभाजित गाटा संख्या की पैमाइश की जिसमें रोवर से पैमाइश कर शिकायत का निस्तारण किया गया।
थाना कांठ के ग्राम रुस्तमपुर भैंसला निवासी संतोष पत्नी जितेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर दूसरे पक्ष के लोगों पर अपनी गाटा संख्या 13 की भूमि पर दीवार बनाकर कब्जा करने का आरोप लगाया था जिसमें जिलाधिकारी डॉक्टर राजेंद्र पेंसिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग चकबंदी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की थी और रोवर मशीन से पैमाइश करने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी द्वारा गठित की गई टीम के अधिकारी नायब तहसीलदार योगेश चंद शर्मा, चकबंदी विभाग राजस्व निरीक्षक एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गाटा संख्या 13 व 14 के मध्य सीमा निर्धारित करने के लिए रोवर से पैमाइश की गई। पैमाईश से ज्ञात हुआ कि वर्तमान दीवार से ढाई मीटर की दूरी तक गाटा संख्या 13 स्थित है, जो शिकायतकर्ता की भूमि है। राजस्व विभाग चकबंदी और पुलिस की संयुक्त टीम ने रोवर से पैमाइश कर शिकायतकर्ता और उसके परिवार की मौजूदगी में भूमि को चिन्हित कर दिया है। सहमति प्रार्थना पत्र पर जितेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, सुमित कुमार, अंशु, विकास, पहलवान सिंह, मुनीष कुमार, वीरेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह आदि के हस्ताक्षर हैं।



