Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

डॉ. बृजमोहन शर्मा हुए “उत्तराखण्ड श्रेष्ठ जन हितैषी सम्मान–2026” से सम्मानित

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


देहरादून, 12 जून, (M. Faheem ‘Tanha’); विश्व पर्यावरण दिवस–2026 के अवसर पर हिमालय पर्यावरण सोसायटी द्वारा आयोजित समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी, पर्यावरणविद् एवं स्पेक्स संस्था के संस्थापक डॉ. बृजमोहन शर्मा को “उत्तराखण्ड श्रेष्ठ जन हितैषी सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाज सेवी एवं पर्यावरणविद डॉ. जगदीश बाबला एवं कमला पंत सहित कई बुद्धिजीवी भी मौजूद रहेI

डॉ. शर्मा को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याण तथा विशेष रूप से पेयजल की गुणवत्ता और जल सुरक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। वर्षों से वे समाज में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जल गुणवत्ता सुधार से जुड़े विभिन्न प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य में जल स्रोतों का संरक्षण और पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में डॉ. बृजमोहन शर्मा द्वारा किए गए कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने प्रयासों से न केवल जल संरक्षण बल्कि स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

हिमालय पर्यावरण सोसायटी के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण और जनहित के क्षेत्रों में निरंतर कार्य करते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया है। स्पेक्स संस्था के माध्यम से उन्होंने विभिन्न सामाजिक और पर्यावरणीय अभियानों को नई दिशा प्रदान की है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. शर्मा ने इसे समाज और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत सभी लोगों को समर्पित करते हुए कहा कि जल, जंगल और पर्यावरण का संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ पेयजल के महत्व को समझने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पर्यावरणविदों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। समारोह का समापन पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *