Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

एसएसपी दून की सख्ती : शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी करने वाले छात्र होंगे चिन्हित

Dehradun Uttarakhand






विवादों की पुनरावृत्ति पर संबंधित संचालक के विरुद्ध होगी सख्त वैधानिक करवाई
देहरादून। आज  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियो, थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी की गई। गोष्ठी के दौरान एसएसपी देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों, हॉस्टल, पीजी के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी, साथ ही उन्हें निर्देशित किया गया कि वे सभी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित सभी शिक्षण संस्थानों में जाकर ऐसे सभी छात्रों को जो गुटबाजी करते हुए माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हों अथवा किसी संदिग्ध, आपराधिक गतिविधि में लिप्त हों, को चिन्हित करते हुए उनके विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के साथ- साथ सम्बन्धित शिक्षण संस्थान को रिपोर्ट प्रेषित कर ऐसे छात्रों के निष्कासन की कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।

साथ ही छात्रों के मध्य हुए किसी भी विवाद की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल अभियोग पंजीकृत कर उनके विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दिन व रात्रि में नियमित रूप से स्थान बदल- बदलकर सघन चैकिंग अभियान चलाते हुए ड्रंक एण्ड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। साथ ही रात्रि में अनावश्यक रूप से घूमने वाले छात्रों/संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर नियमानुसार उनके विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाये।

इसके अतिरिक्त सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित शिक्षण सस्थानों/हॉस्टलों/पीजी संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें स्पष्ट हिदायत दें कि उनके संस्थान/प्रतिष्ठान में पढने/रहने वाले छात्रों के बीच गुटबाजी अथवा किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाये यदि किसी शिक्षण संस्थान/हास्टल/पीजी में छात्रों के बीच हुए ऐसे किसी विवाद जिसकी सूचना उनके द्वारा पुलिस को नहीं दी गई हो के चलते भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो सम्बन्धित शिक्षण संस्थान/प्रतिष्ठान प्रबन्धन की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरूद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।


इसके अतिरिक्त यदि किसी होटल/ रेस्टोरेंट/ ढाबे आदि में छात्रों के मध्य विवाद की कोई घटना प्रकाश में आती है तो घटना में संबंधित होटल/रेस्ट्रोरेंट/ ढाबा संचालक की भूमिका की भी जांच की जाएगी तथा ऐसे स्थानों पर इस प्रकार के विवादों की पुनरावृति होने पर संबंधित होटल/ रेस्टोरेंट संचालक के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


एसएसपी दून द्वारा सभी अधीनस्थों को स्पष्ट हिदायत दी कि भविष्य में यदि किसी थाना क्षेत्र में इस प्रकार की घटना घटित होती है और उसमें पुलिस की शिथिलता/लापरवाही परिलक्षित होती है तो सम्बन्धित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए उसके विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *