Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण, क्षेत्रवासियों को मिलेगा निःशुल्क उपचार का लाभ

Dehradun Uttarakhand


देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत मसूरी के बार्लोगंज क्षेत्र में स्थापित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस स्वास्थ्य सुविधा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। उन्होंने बताया कि यहां मरीजों को प्राथमिक उपचार के साथ-साथ कई आवश्यक जांचें, दवाइयां एवं टेस्ट निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।उन्होंने कहा कि अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर ‘आरोग्यं परमं धनम्’ अर्थात स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है के मंत्र को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में मील का पत्थर साबित होगी और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घर के समीप उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पार्षद शिवानी भारती, अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।