Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

हादसाः उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में यात्री वाहन नदी में गिरने से 8 की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Dehradun Delhi Mussoorie Pithoragarh Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : पिथौरागढ़ जनपद में यात्री वाहन नदी में गिरने से 8 की मौत तीन घायल

पिथौरागढ़। राज्य के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब मुवानी से बोकटा की ओर जा रही एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई।

मरने वालों में दो स्कूली छात्र भी शामिल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। राहत और बचाव कार्य में ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर मदद की। खाई में गिरे घायलों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया और 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मरने वालों में दो स्कूली छात्र भी शामिल हैं। प्रशासन ने मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

मार्ग अत्यंत संकरा और खतरनाक है

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग अत्यंत संकरा और खतरनाक है। कई बार यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क सुधार या सुरक्षा के पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं। वाहन की हालत और ओवरलोडिंग की भी जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर से पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन को न केवल सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार करना होगा, बल्कि यात्रियों और वाहन चालकों को भी सतर्क रहना होगा। यह हृदय विदारक दुर्घटना राज्य के लिए एक चेतावनी है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति, सुरक्षा मानकों और नियमित वाहन जांच को प्राथमिकता दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने हादसे पर जताया दुःख, व्यक्त की संवेदनाएं 

देहरादून। पिथौरागढ़ जनपद में एक यात्री वाहन के अनियंत्रित होकर नदी में गिर जाने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और राहत-बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को समय पर उचित एवं निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।  मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के निर्देश भी दिए हैं।