Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

दिल्ली में हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक के घर जुटे भाजपा के दिग्गज, भावी रणनीति पर हुआ मंथन

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: भाजपा अब आगामी चुनावों को लेकर गंभीरता से जुट गई है। इस कड़ी में उत्तराखंड में भी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कारण यह कि राज्य में अगले वर्ष नगर निकाय चुनाव होने हैं तो वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सामने हैट्रिक बनाने की चुनौती है। इसके साथ ही अगले वर्ष जी-20 के दो कार्यक्रमों की उत्तराखंड को मिली मेजबानी को भव्य बनाने पर भी भाजपा का जोर है।

इसी क्रम में सोमवार शाम भाजपा के दिग्गज दिल्ली में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के आवास पर जुटे और इन विषयों को लेकर भावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही प्रदेश भाजपा संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों ने भाग लिया।

भाजपा की ओर से भले ही यह बताया गया कि संसद के शीतकालीन सत्र में उठाए जाने वाले राज्य से जुड़े विषयों को लेकर दिल्ली में यह बैठक बुलाई गई और संसद के प्रत्येक सत्र से पहले राज्यों की इस तरह की बैठकें बुलाए जाने की परंपरा है, लेकिन उत्तराखंड के दृष्टिकोण इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसमें राज्य के सभी सांसदों (पांच लोकसभा और तीन राज्यसभा सदस्य) समेत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय ने भाग लिया।